1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. विदेशी थीम पर बने सीरियल्स पर सख्त हुआ चीन

विदेशी थीम पर बने सीरियल्स पर सख्त हुआ चीन

चीन में टीवी कार्यक्रमों के लिए नियम बनाने वाले प्राधिकरण ने विदेशों से प्रेरित टीवी कार्यक्रमों पर सख्त नियमों को लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

china- India TV Hindi
china

बीजिंग: चीन में टीवी कार्यक्रमों के लिए नियम बनाने वाले प्राधिकरण ने विदेशों से प्रेरित टीवी कार्यक्रमों पर सख्त नियमों को लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। सरकारी प्रेस, प्रकाशन, रेडियो, फिल्म एवं टेलीविजन प्रशासन (SAPPRFT) ने बीते रविवार को जारी एक नोटिस में कहा कि विदेशी कार्यक्रमों को स्थानीय नियामकों की मंजूरी और पूर्ण फाइलिंग की प्रक्रिया के बिना सेटेलाइट टीवी चैनलों पर प्रसारण की अनुमति नहीं दी जाएगी।

चीनी सेटेलाइट टीवी चैनलों ने हाल के वर्षों में कई विदेशी टीवी कार्यक्रमों के प्रारूपों की नकल की है। इसके लिए कॉपीराइट आयात किए गए हैं। ये कार्यक्रम देश के लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम बन गए। मिसाल के तौर पर, झेजियांग टीवी चैनल में रनिंग मैन के प्रसारण के लिए दक्षिण कोरिया के SBS टीवी के एक मनोरंजन कार्यक्रम की नकल की गई। वहीं एक अन्य लोकप्रिय कार्यक्रम द वॉयस ऑफ चाइना दरअसल द वॉयस ऑफ हॉलैंड से पे्ररित था। विदेशों से प्रेरित कार्यक्रमों को दो माह पहले ही स्थानीय प्रांतीय नियामकों के रिकॉर्डों में लाना होगा और स्थानीय नियामक इसे मंजूरी देने के बाद SAPPRFT को सूचित करेंगे।

सभी सेटेलाइट टीवी चैनलों को हर साल प्राइम टाइम यानी शाम 7.30 बजे से रात साढ़े दस बजे के दौरान आयातित कॉपीराइट के साथ सिर्फ दो कार्यक्रमों के प्रसारण की ही अनुमति है। नोटिस में यह भी कहा गया कि हर साल सिर्फ एक ही नए कार्यक्रम को प्रसारण की अनुमति होगी लेकिन पहले साल में यह प्राइम टाइम में प्रसारित नहीं किया जा सकता।

एक जुलाई से उन नए विदेशी टीवी कार्यक्रमों के तत्काल प्रसारण पर प्रतिबंध रहेगा, जो रिकॉर्ड में शामिल नहीं किए गए हैं। SAPPRFT ने कहा कि ये नए नियम इसलिए लाए गए हैं क्योंकि कई टीवी चैनल विदेशी कार्यक्रमों पर निर्भर कर रहे हैं और उनके मौलिक कार्यक्रम बहुत कम हैं। एक सरकारी समाचार एजेंसी ने कहा कि SAPPRFT ने सभी टीवी संस्थानों से अपील की है कि वे अपने कार्य के मूल में मौलिक कार्यक्रमों को रखें और शाम के समय प्राइम टाइम के दौरान मौलिक कार्यक्रमों का अनुपात बढ़ाएं।

Latest World News