बीजिंग: चीन ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान सीमा से लगे मुस्लिम बहुल शिनजियांग उइगुर स्वायत्तशासी क्षेत्र में 181 आतंकवादी समुहों को ध्वस्त किया है। चीन ने इस प्रांत में पिछले साल आतंकवादी विरोधी अभियान शुरू किया था।
चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रचार कार्यालय के आंकड़ो के हवाले से चीनी समाचर एजेंसी शिन्हुआ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इस साल के 30 अप्रैल तक 181 हिंसक आतंकवादी गिरोह ध्वस्त किए गए। उनमें से 96.2 प्रतिशत गिरोहों को योजना के चरण में ध्वस्त किया गया। इस बीच, 112 संदिग्ध आतंकवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
चीन ने पिछले साल मई में शिनजियांग की प्रांतीय राजधानी उरूमछी में एक बाज़ार में बमबारी में 39 लोगो की मौत के बाद आतंकवाद निरोधी अभियान शुरू किया था।
आतंकवाद निरोधी अभियान के शुरू होने के बाद से हिंसा की घटनाओे में कमी आई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आतंकवादी गतिविधियों के अतिरिक्त पुलिस ने धार्मिक कट्टरवाद के खिलाफ कार्रवाई की है और आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले वीडियो और ऑडियो क्लिप पर रोक लगाई है। पुलिस ने सीमा पर घुसपैठ के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
शिनजियांग में एक करोड़ से ज्यादा मुस्लिम उइगुर अल्पसंख्यक रहते है। इसकी सीमा अफगानिस्तान तथा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से मिलती है और कथित मुस्लिम अलगाववादी पाकिस्तान के कबायली इलाकों में प्रशिक्षण हासिल कर चीन में लौट आते हैं।
पाकिस्तान ने हाल के माह में इन प्रशिक्षण शिविरों को खिलाफ हवाइ और ज़मीनी कार्रवाइयों में इज़ाफा किया है।
शिन्हुआ की रिपोर्ट में कहा है कि शिनजियांग में सभी जातिय समूहों के निवासियों ने आतंकवाद से लड़ने के लिए एक बल बनाया था।
Latest World News