1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सीमा विवाद मुद्दा सुलझाने के लिए चीन वार्ता को तैयार

सीमा विवाद मुद्दा सुलझाने के लिए चीन वार्ता को तैयार

प्रणब मुखर्जी की यात्रा की पूर्व संध्या पर चीन ने सोमवार को सकारात्मक रूख अपनाते हुए कहा कि दोनों देश सीमा विवाद के प्रबंध के लिए सकारात्मक कदम उठा रहे हैं।

हुआ चुनयिंग - India TV Hindi
हुआ चुनयिंग

बीजिंग: भारतीय राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की यात्रा की पूर्व संध्या पर चीन ने सोमवार को सकारात्मक रूख अपनाते हुए कहा कि दोनों देश सीमा विवाद के प्रबंध के लिए सकारात्मक कदम उठा रहे हैं और वह जल्द से जल्द इस विवादित मुद्दे को सुलझाने के लिए बातचीत तेज करने को तैयार है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, चीन द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए जल्द से जल्द इस ऐतिहासिक मुद्दे को सुलझाने और बातचीत तेज करने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

हुआ मुखर्जी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रही थीं कि भारत सीमा मुद्दे को सुलझाने के लिए निष्पक्ष, तार्किक एवं आपसी स्वीकार्य समाधान चाहता है। हुआ ने संवाददाताओं से कहा, हम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। मुखर्जी चीन के पहले दौरे पर जा रहे हैं। हुआ ने कहा, चीन और भारत निष्पक्ष एवं तार्किक समाधान खोजने के लिए बातचीत के जरिये क्षेत्रीय विवाद सुलझाने को प्रतिबद्ध हैं, जो सभी को स्वीकार्य हो।

हुआ ने इस मुद्दे पर चीन के मीडिया को मुखर्जी की टिप्पणियों पर सवाल का जवाब देते हुए कहा, पिछले तीन दशक से अधिक समय में दोनों पक्ष सीमा के उचित प्रबंध एवं सीमावर्ती क्षेत्र में शांति एवं अमन चैन के संरक्षण के लिए सकारात्मक कदम उठा रहे हैं ताकि द्विपक्षीय संबंधों के अच्छे और सतत विकास की समर्थक स्थितियां पैदा की जा सकें।

Latest World News