1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन ने साफ किया, NSG और अजहर मसूद पर नहीं बदलेगा अपना रुख

चीन ने साफ किया, NSG और अजहर मसूद पर नहीं बदलेगा अपना रुख

राष्ट्रपति शी चिनफिंग की भारत यात्रा की पूर्वसंध्या पर चीन ने शुक्रवार को कहा कि NSG में सदस्यता और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी घोषित करवाने के भारत के प्रयास पर उसके रूख में कोई बदलाव नहीं आया है।

Prime Minister Narendra Modi and Chinese President Xi...- India TV Hindi
Prime Minister Narendra Modi and Chinese President Xi Jinping | PTI File Photo

बीजिंग: राष्ट्रपति शी चिनफिंग की भारत यात्रा की पूर्वसंध्या पर चीन ने शुक्रवार को कहा कि NSG में सदस्यता और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी घोषित करवाने के भारत के प्रयास पर उसके रूख में कोई बदलाव नहीं आया है। शी के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए गोवा पहुंचने से पहले चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा कि भारत और चीन के बीच संबंध कुछ विवादों के बावजूद काफी आगे बढे़ हैं, लेकिन NSG और अजहर के मुद्दों पर बीजिंग के रूख में कोई बदलाव नहीं आया है। 

देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

गेंग शुआंग ने अजहर को आतंकी घोषित कराने से संबंधित भारत के आवेदन को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, ‘मैं चीन के रुख को बता चुका हूं। मैं फिर से कहना चाहता हूं कि संयुक्त राष्ट्र की समिति संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रावधानों के अनुसार काम करती है।’ गेंग के मुताबिक चीन का मानना है कि आतंकी संगठनों को प्रतिबंधित करने का काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की 1267 समिति को सही तथ्यों पर काम करना चाहिए और अपने सदस्यों की सहमति के अनुसार फैसला करना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को सूचीबद्ध करने को लेकर सभी पक्ष बंटे हुए हैं। यही वजह है कि चीन ने अजहर को प्रतिबंधित करने पर स्थगन लगा रखा है। प्रवक्ता ने कहा कि चीन की ओर से लगाई गई दूसरी तकनीकी रोक से आतंकवादी संगठनों को सूचीबद्ध करने के संदर्भ में फैसला करने के लिए और समय मिल जाएगा। गेंग ने कहा, ‘भारत के परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (NSG) में शामिल होने के संदर्भ में भी चीन के रूख में कोई बदलाव नहीं आया है।’

Latest World News