बीजिंग: चीन ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को प्रभावशाली भारतीय राजनेता और चीन-भारत संबंधों को सक्रियता से प्रोत्साहित करने वाला बताते हुए उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी।
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ कलाम एक प्रभावशाली राजनेता और चीन-भारत मैत्री को सक्रियता से प्रोत्साहित करने वाले भी थे। उन्होंने अवकाशप्राप्ति के बाद भी कई बार चीन की यात्रा की और पीकिंग विश्वविद्यालय में मानद प्रोफेसर के तौर पर सेवाएं दीं।
विदेश मंत्रालय ने पीटीआई के एक प्रश्न के लिखित जवाब में कहा, चीन डॉ कलाम के निधन पर भारत की सरकार और जनता से गहन संवेदना प्रकट करता है और साथ ही उनके परिवार के प्रति भी संवेदना प्रकट करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने चीनी सोशल मीडिया एकाउंट वइबो पर कलाम के निधन पर शोक प्रकट किया जिस पर उनके कई हजार फॉलोअर हैं।
मोदी ने लिखा, 27 जुलाई 2015 को हमने अपने प्यारे पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम को खो दिया। उन्हें एक महान वैग्यानिक, एक अद्भुत राष्ट्रपति और इन सबसे उपर एक प्रेरणादायी व्यक्ति के तौर पर याद किया जाएगा। वह विद्यार्थियों से प्यार करते थे और अपने आखिरी क्षणों में भी उनके बीच ही थे।
प्रधानमंत्री ने कहा, मेरे मस्तिष्क में उनके साथ की कई यादें, कई बातें हैं। उनकी बुद्धिमत्ता से हमेशा अचंभित रहा और उनसे बहुत कुछ सीखा। यहां मेरे भाषण का एक वीडियो है जिसमें मैं उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा हूं।
Latest World News