केपटाउन: चीन के शहर तिआनजिन में दक्षिण अफ्रीका के 20 अधिकारी विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) पर एक महीने के प्रशिक्षण में हिस्सा लेंगे। इस सप्ताह की शुरुआत में व्यापार एवं उद्योग मंत्री रोब डेविस ने कहा था कि ये अधिकारी दक्षिण अफ्रीका में सेज का निर्माण तथा उसके प्रबंधन के लिए जिम्मेदार हैं।
डेविस ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने बेरोजगारी, गरीबी तथा विकास में पिछड़ने सहित सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों से निपटने के प्रयासों के तहत औद्योगीकरण में तेजी लाने के लिए सेज कार्यक्रम को लाया था। चीन व दक्षिण अफ्रीका द्वारा साल 2014 में एक समझौते के हिस्से के रूप में प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य चीन द्वारा 30 अधिकारियों को प्रशिक्षित करना है।
डेविस ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को सेज के लिए योजना बनाने, विकास, प्रबंधन तथा संचालन की जानकारी दिए जाने की संभावना है। चीन के पास विशेष आर्थिक क्षेत्र बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सफल करने का वर्षों का अनुभव है, जिससे दक्षिण अफ्रीका को फायदा हो सकता है। यही वजह है कि दक्षिण अफ्रीका ने अपने 20 प्रतिनिधियों को सेज़ पर प्रशिक्षण लेने के लिए चीन भेजा है। जिस तरह से चीन के विशेष आर्थिक क्षेत्र पिछले कुछ सालों में सफल हुए हैं, उसी का परिणाम है कि चीन आज दुनिया में मैनुफैक्चरिंग उद्योग में अग्रणी स्थान रखता है।
Latest World News