1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जापान में ‘लायनरॉक’ तूफान का कहर, 11 की मौत, 21 लापता

जापान में ‘लायनरॉक’ तूफान का कहर, 11 की मौत, 21 लापता

जापान में आए शक्तिशाली तूफान 'लायनरॉक' ने 11 लोगों की जान ले ली है। इस तूफान में 21 लोग लापता भी हुए हैं। मृतकों में से 9 ऐसे बुजुर्ग शामिल हैं, जो एक केयर होम में रह रहे थे।

लॉयनरॉक से तबाह हुआ एक...- India TV Hindi
लॉयनरॉक से तबाह हुआ एक घर। (फोटो: AP)

टोक्यो: जापान में आए शक्तिशाली तूफान 'लायनरॉक' ने 11 लोगों की जान ले ली है। इस तूफान में 21 लोग लापता भी हुए हैं। मृतकों में से 9 ऐसे बुजुर्ग शामिल हैं, जो एक केयर होम में रह रहे थे। इनकी मौत पूर्वी तट पर इवाते प्रांत के इवैजूमि में स्थित इनके आवासीय परिसर में कीचड़ के भर जाने से हुई। इस इलाके में कई ऐसी लाशें मिलीं जिनका आधा हिस्सा कीचड़ में दफन हो गया था। और यहां के 18 निवासी अभी भी लापता हैं।

विभिन्न सूत्रों से पता चला है कि उत्तरी होकैदो प्रांत में 3 लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी नदी की तेज धारा में बह गए। इनमें एक 28 साल का व्यक्ति भी शामिल है, जिसकी कार पुल टूटने के कारण नदी में गिर पड़ी थी। इस बीच जापान के मौसम विभाग ने कहा है कि ‘नैमथियून’ नाम का एक और तूफान जापान की तरफ बढ़ रहा है। यह प्रशांत महासागर में आने वाला साल का 12वां तूफान है और फिलहाल यह ओकिनावा के दक्षिण में है। नैमथियून 90 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पश्चिमोत्तर की तरफ बढ़ रहा है।

जापान में तूफानों का आना कोई नई बात नहीं है, लेकिन लायनरॉक ने जो रास्ता अख्तियार किया है वह चौंकाने वाला है। आमतौर पर जापान में आने वाले तूफान दक्षिण या दक्षिण-पश्चिम दिशा से आते हैं और उत्तरपूर्व की तरफ निकल जाते हैं लेकिन लायनरॉक होंशू द्वीप पर पूर्व दिशा की तरफ से आया था। हालांकि अब यह तूफान शांत हो चुका है और इससे हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।

Latest World News