पेशावर: पाकिस्तान में हिंदुओं को सूचना के अधिकार की मांग को लेकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। वहां अल्यसंख्यकों, खासतौर से हिंदुओं की कितनी दुर्दशा होती है, यह बात किसी से छिपी हुई नहीं है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के कार्यकर्ताओं ने हाल में लागू किये गये सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत अल्पसंख्यकों को सूचना प्राप्त करने की कथित तौर पर अनुमति नहीं देने को लेकर खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में इस कानून के तहत अल्पसंख्यकों को सही सूचना उपलब्ध कराये जाने की मांग की गई।
हिंदुओं का आरोप, भेदभाव कर रही है सरकार
ऑल पाकिस्तान हिंदू राइट्स मूवमेंटस (एपीएचआरएम) के सदस्यों ने इस कानून के दायरे से अल्पसंख्यकों के कथित बहिष्कार के खिलाफ यहां प्रेस क्लब की इमारत के बाहर प्रदर्शन किया। अल्पसंख्यक समूह के नेताओं ने आरोप लगाया कि केपीके सरकार उन्हें उनका हक नहीं दे रही है और उनके प्रति भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।
सूचना का अधिकार न देने से हिंदुओं की हालत होगी और कमज़ोर
एपीएचआरएम अध्यक्ष हारन सराब दियाल ने कहा कि सूचना प्राप्त करने से रोकना अल्पसंख्यकों को और उनके नागरिक तथा राजनीतिक अधिकारों को कमजोर करेगा।
Latest World News