1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बैन होने के बावजूद हाफिज सईद को टॉक शो में बुलाया, रद्द हो सकता है लाइसेंस

बैन होने के बावजूद हाफिज सईद को टॉक शो में बुलाया, रद्द हो सकता है लाइसेंस

पाकिस्तान सरकार द्वारा जमात उद दावा और लश्करे तैयबा जैसे आतंकवादी संगठनों की मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध के बावजूद जमात उद दावा प्रमुख एवं मुम्बई आतंकवादी हमले के मुख्य षड्यंत्रकर्ता हाफिज सईद एक निजी पाकिस्तानी चैनल के एक टॉक शो पर दिखायी दिया है।

hafiz saeed- India TV Hindi
hafiz saeed

लाहौर: पाकिस्तान सरकार द्वारा जमात उद दावा और लश्करे तैयबा जैसे आतंकवादी संगठनों की मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध के बावजूद जमात उद दावा प्रमुख एवं मुम्बई आतंकवादी हमले के मुख्य षड्यंत्रकर्ता हाफिज सईद एक निजी पाकिस्तानी चैनल के एक टॉक शो पर दिखायी दिया है। द पाकिस्तान इलेक्ट्रानिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी :पीईएमआरए: ने पाकिस्तान के सभी टेलीविजन चैनलों पर जमात उद दावा, उसके मुखौटा संगठन फलाहे इंसानियत फाउंडेशन :एफआईएफ: तथा करीब 60 अन्य प्रतिबंधित संगठनों एवं उनके नेताओं के सभी तरह के कवरेज पर गत दो नवम्बर को प्रतिबंध लगा दिया था।

चैनल 24 पर सईद गत 27 जनवरी को एक टॉक शो में दिखा था। उसने अपने संगठन के लोक कल्याणकारी कार्यों का महिमामंडन किया। उसने इस बारे में बात की कि किस तरह से भारत और अमेरिका पाकिस्तानी सरकार पर दबाव डाल रहे हैं कि वे जमात उद दावा और जैशे मोहम्मद जैसे संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे। सईद ने पठानकोट आतंकवादी हमले के संबंध में इस बात को खारिज कर दिया कि सरकार कुछ सरकार इतर तत्वों एवं प्रतिबंधित संगठनों को संरक्षण दे रही है।

पीईएमआरए के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा कि निर्देश का उल्लंघन करने के लिए चैनल को एक नोटिस जारी किया जाएगा। पीईएमआरए के अधिकारी ने कहा, हमने इलेक्ट्रानिक चैनलों को चेतावनी दी थी कि :निर्देश: अनुपालन नहीं होने की दशा में हम कानूनी कार्रवाई करेंगे...जुर्माना लगाना या लाइसेंस निलंबित करना या रद्द करना..। पीईएमआरए ने संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों के तहत प्रतिबंधित लश्करे तैयबा, जमात उद दावा और एफआईएफ जैसे संगठनों की सभी टेलीविजन चैनलों और एफएम रेडियो पर कवरेज पर प्रतिबंध लगाया था।

Latest World News