तेल अवीव: दो फलस्तीनियों ने इस्राइल के सैन्य मुख्यालय के निकट तेल अवीव के एक नाइटस्पॉट पर गोलीबारी की जिससे चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। महीनों से चल रही हिंसा की लहर के बीच यह घटना सबसे भयानक हमलों में शामिल है। कल हुई इस गोलीबारी से लोगों में घबराहट फैल गई है और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वर्दी पहने एक अधिकारी बंदूक से गोलियां चलाता दिख रहा है, लेकिन वीडियो में यह दिखाई नहीं दे रहा है कि उसका निशाना कौन है।
पुलिस ने कल बताया कि एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक हमलावर गोली लगने से घायल हो गया और उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इज़राइल की वाणिज्यिक राजधानी के सरोना मार्केट में चार लोग मारे गए और पांच अन्य लोग घायल हो गए। इस्राइली अधिकारियों ने कहा कि दोनों हमलावर कब्जे वाले वेस्ट बैंक के हेब्रोन इलाके के हैं और रिश्ते में एक दूसरे के भाई हैं।
रात में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस को घटनास्थल से लोगों से हटाना पड़ा। पुलिस ने बताया कि घायलों में वे लोग शामिल हैं जो परिसर में कॉफी की एक दुकान में बैठे थे। अधिकारियों ने हमलावरों के हथियार बरामद कर लिए हैं।
तेल अवीव के पुलिस प्रमुख चिको एद्री ने संवाददाताओं से कहा, हम यहां एक बहुत गंभीर आतंकवादी घटना की बात कर रहे हैं। एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक अन्य गोलबारी में घायल हो गया। पीड़ितों की राष्ट्रीयता एवं उनके संबंध में अन्य जानकारी के बारे में अभी कुछ पता नहीं चला है।
Latest World News