काबुल: अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत में अमेरिकी ड्रोन हमले में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) के चार आतंकवादियों को मार गिराया गया। एक अधिकारी ने बताया, "अतंर्राष्ट्रीय गठबंधन सेनाओं के विमान ने शनिवार रात को अचिन जिले में दो मिसाइलें दागी।"
उन्होंने कहा कि अफगान सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पाकिस्तान की सीमा से सटे अचिन जिले में पिछले कुछ महीनों से आईएस आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच भारी संघर्ष हो रहा है। इससे पहले भी अफगानिस्तान में ड्रोन हमले हो चुके हैं। हाल ही में अफगानिस्तान ने ऐलान किया था कि पाकिस्तान के भीतर घुस कर किए गए अमेरिका के एक दुर्लभ ड्रोन हमले में अफगान तालिबान सुप्रीमो मुल्ला अख्तर मंसूर मारा गया था। अमेरिका ने इस बात की पुष्टि भी की थी। मंसूर का मारा जाना आतंकवादियों के लिए तगड़ा झटका था और इससे युद्धग्रस्त अफगानिस्तान में नाजुक शांति प्रक्रिया में आढ़े एक बड़ा खतरा दूर हो गया था।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मंसूर और अन्य आतंकवादी को अमेरिकी विशेष अभियान बलों द्वारा संचालित मानवरहित (ड्रोन) विमानों से उस वक्त निशाना बनाया गया, जब वे दोनों अफगान सीमा के पास स्थित पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में अहमद वाल शहर के पास एक सुदूर इलाके में किसी वाहन में जा रहे थे। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया था कि ड्रोन हमले को राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मंजूरी दी थी।
Latest World News