1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पहले बुर्के पर बैन लगाया, फिर बिना सिर ढके सऊदी अरब पहुंचीं जर्मन चांसलर

पहले बुर्के पर बैन लगाया, फिर बिना सिर ढके सऊदी अरब पहुंचीं जर्मन चांसलर

जर्मनी की चांसलर एंगला मर्केल इस समय सऊदी अरब के दौरे पर हैं। हाल के दिनों में जहां सऊदी जाने वाली विदेशी मेहमान सिर ढंककर पहुंचीं, वहीं एंगला मर्केल ने अपन सिर खुला ही रखना सही समझा।

Angela Merkel and King Salman | AP Photo- India TV Hindi
Angela Merkel and King Salman | AP Photo

जेद्दाह: जर्मनी की चांसलर एंगला मर्केल इस समय सऊदी अरब के दौरे पर हैं। हाल के दिनों में जहां सऊदी जाने वाली विदेशी मेहमान सिर ढंककर पहुंचीं, वहीं एंगला मर्केल ने अपन सिर खुला ही रखना सही समझा। खास बात यह है कि मर्केल ने हाल ही में अपने देश जर्मनी में बुर्के को ’अस्वीकार्य’ बताते हुए उसपर आंशिक तौर पर प्रतिबंध लगा दिया था।

मर्केल ने बुर्के पर प्रतिबंध लगाते हुए कहा था, ‘कानूनी रूप से जहां भी संभव हो वहां इस बैन को लगाया जाना चाहिए।’ जेद्दाह पहुंचने पर जर्मन चांसलर का स्वागत सऊदी अरब के किंग सलमान ने किया। हाल के वर्षों में यह देखने में आया था कि जब भी कोई विदेशी महिला मेहमान सऊदी अरब के आधिकारिक दौरे पर गई तो अपना सिर किसी कपड़े से ढककर रखा। लेकिन मर्केल ने इस देश की रूढ़िवादी परंपरा को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया और अपने सिर को नहीं ढका।

मिशेल ओबामा और हिलेरी क्लिंटन ने भी नहीं ढंका था सिर
हालांकि मर्केल से पहले भी कई महिलाओं ने इस नियम का पालन नहीं किया। मर्केल से पहले हिलेरी क्लिंटन और मिशेल ओबामा ने भी सऊदी अरब के दौरे के दौरान अपना सिर नहीं ढंका था। आपको बता दें कि सऊदी अरब में महिलाओं को पूरा शरीर ढंके बिना किसी सार्वजनिक जगह पर जाना मना है। इस इस्लामिक देश में महिलाएं ड्राइविंग भी नहीं कर सकतीं।

Latest World News