लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 59 साल के अहमदिया समुदाय के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह उसकी धार्मिक आस्था बताई गई है। पुलिस के अनुसार ग्रीनटाउन इलाके खानपुर निवासी बशारत अहमद की हत्या उस वक्त की गई जब गुरुवार को वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। गोली लगने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जमात-ए-अहमिदया पाकिस्तान के प्रवक्ता सलीमुद्दीन ने बताया, ‘ऐसा लगता है कि आस्था की वजह से यह घटना हुई क्योंकि पीड़ित की किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी। हमलावरों ने पीड़िता का मोबाइल फोन और उनके पास मौजूद 15,000 रुपये की नगदी नहीं छुई।’ उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में इस तरह की यह चौथी घटना है जब अहमदिया समुदाय के किसी सदस्य की हत्या की गई है।
साल 2014 में पाकिस्तान में अहमदिया समुदाय के 11 लोगों की हत्या की गई। पिछले साल कम से कम छह अहमदिया लोगों की हत्या की गई।
Latest World News