1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल: स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी की गई

नेपाल: स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी की गई

नेपाल में महत्वपूर्ण स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण के मद्देनजर पुलिस ने हिमालय क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी है।

 high security in nepal local body elections- India TV Hindi
high security in nepal local body elections

काठमांडू: नेपाल में महत्वपूर्ण स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण के मद्देनजर पुलिस ने हिमालय क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी है। यहां 20 साल बाद 14 मई को चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए 13,556 सीटों पर करीब 44,000 लोगों ने नामांकन भरा है। चुनाव आयोग सचिव गोपीनाथ मैनाली ने कहा, हमें अभी कुछ और जिलों में दायर किए नामांकनों की गिनती करनी है। अभी तक यह आंकड़ा 43,700 है। पहले चरण में तीन प्रांतों- 3, 4 और छह की 283 स्थानीय इकाइयों में चुनाव होंगे। इन प्रांतों में कुल 4,956,925 पंजीकृत मतदाता हैं। ("अमेरिकी सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा है रूस")

मेट्रोपॉलिटन पुलिस ऑफिस ने काठमांडू, ललितपुर और भक्तपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी है। सभी मत केंद्रों पर मुख्यतौर पर संवेदनशील इलाकों में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कुल 6,980 पुलिस कर्मियों और 4,268 अस्थायी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कार्यवाहक पुलिस आयुक्त उप-महानिरीक्षक बाम बहादुर भंडारी ने सभी रेंज, सर्कल और सेक्टर सुरक्षा अधिकारियों को समन कर, एक विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की है।

नियंत्रण कक्ष के वाहन जीपीएस के साथ 24 घंटे काठमांडू घाटी के 72 इलाकों में तैनात कर दिए गए है जो किसी भी अप्रिय घटना पर सबसे पहले कार्रवाई करेंगे। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ऑफिस के अनुसार पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मतदान एवं मतगणना केंद्रो के आस-पास तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सरकार ने सफल मतदान के लिए 14 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। नेपाल में 20 साल बाद स्थानीय निकाय चुनाव हो रहे हैं। देश में राजनीतिक अस्थिरता के चलते यह वर्ष 1997 से बाधित हैं।

Latest World News