इस्लामाबाद: पाकिस्तान में उस वृद्ध हिन्दू व्यक्ति, जिसकी कथित रूप से इफ्तार से पहले खाना खा लेने के कारण एक सिपाही और उसके भाई ने बुरी तरह पिटाई की थी, पर अब आरोपी द्वारा एक हिन्दू पंचायत के मार्फत दबाव डाला जा रहा है कि वह सब कुछ भूल जाए और माफ कर दे।
मीडिया में आई एक खबर के अनुसार, आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और वह पंचायत के जरिए मामले का हल निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को 85 वर्षीय पीड़ित गोकुल दास के पास भेजा है ताकि मामले का अदालत के बाहर हल निकाला जा सके।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून में प्रकाशित खबर के अनुसार पीड़ित और उसका परिवार इस मामले में कोई भी नरमी के लिए राजी नहीं हैं। खबर के अनुसार, आरोपियों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 20 लोग दास के पास गए और उन्हें इस बात के लिए मनाने का प्रयास किया कि मामले का अदालत के बाहर हल कर लिया जाए। दास के पुत्र गोविन्द राम ने यह जानकारी दी।
Also read: पाकिस्तान: रमज़ान में खाना खाने पर हिंदू को पीटा, कांस्टेबल गिरफ्तार
गोविन्द ने कहा कि इन लोगों को बताया गया कि यदि वे पहले आए होते तो उन्हें पीड़ित द्वारा क्षमा किया जा सकता था, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है, क्योंकि मामले को पहले ही दर्ज किया जा चुका है। कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा, स्थानीय पुलिस अधीक्षक (मसूद बंगश) इस मामले में विशेष रूचि दिखा रहे हैं। उन्होंने हमें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
Latest World News