1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सामने बाघ को पाकर भी ये चीनी ग्रामीण कैसे बचा जिंदा, जानिए

सामने बाघ को पाकर भी ये चीनी ग्रामीण कैसे बचा जिंदा, जानिए

बाघ के सामने आने पर उसका शिकार बनने से खुद को बचाना जरा मुश्किल है

tiger- India TV Hindi
tiger

चांगचुन: क्या होगा, जब आपका सामना एक बाघ से हो जाए? ऐसे में अपनी जान बचाने के लिए आप क्या करेंगे? बाघ के सामने आने पर उसका शिकार बनने से खुद को बचाना जरा मुश्किल है, लेकिन अगर आप इस चीनी व्यक्ति की तरह समझदारी दिखाएंगे तो बाघ आपके सामने दुम दबाकर भाग निकलेगा। चीन के जिलिन प्रांत के चुनहुआ कस्बे के काओ बिंगगुआंग पिछले सप्ताह 5 मई को गांव के ही एक व्यक्ति जियांग लाओक्यूई के साथ पास के जंगल से जंगली खाद्य पौधे लेने गए थे।

जंगल पहुंचकर यह दोनों अलग-अलग हो गए। तभी काओ ने अपने आसपास किसी के कदमों की आहट सुनी। उन्होंने देखा कि उनसे करीब 20 मीटर की दूरी पर खड़ा एक बाघ उन्हें देख रहा है। काओ ने उन पलों को दोहराते हुए बताया, "मैं बुरी तरह डर गया था। मुझे लगा कि अब मेरा काम तमाम हो गया।"

उन्होंने इससे पहले आमने-सामने कभी बाघ नहीं देखा था। वह बाघ उनके बहुत पास था और वह उसके चेहरे की धारियां देख सकते थे। वह डर गए थे। अचानक उन्हें स्थानीय वन विभाग की एक नसीहत याद आ गई कि बाघ से डरकर भागने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उसकी आंखों में घूरते हुए बहुत जोर से चिल्लाना चाहिए। इससे वह डर से दूर भाग जाएगा।

यह बात याद आते ही उन्होंने अपने मित्र को जोर से पुकारा और पीछे हट गए। उनके चिल्लाने से बाघ पहले तो कुछ देर काओ को देखता रहा और फिर पीछे मुड़कर जंगल की ओर भाग गया।

बाघ के भागते ही काओ ने अपनी मोटर साइकिल उठाई और वापस गांव आ गए। गांव वापस आकर उन्होंने पुलिस को बुलाया और पूरी आपबीती सुनाई। पुलिसकर्मियों और अन्य स्थानीय लोगों ने खोज अभियान चलाकर जियांग को ढूंढ़ लिया, लेकिन बाघ का कहीं पता नहीं चला।

Latest World News