इस्लामाबाद: पाकिस्तान के तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख और पूर्व क्रिकेटर इमरान खान ने अपनी दूसरी पत्नी रेहम खान से तलाक लेने का फैसला किया है। गौरतलब है कि रेहम खान से उनका निकाह पिछले साल जनवरी में हुआ था। रेहम बीबीसी की पूर्व एंकर रह चुकी है। इमरान का यह दूसरा निकाह था। रेहम खान ने अपने एक ट़वीट में कहा है कि "हमने तय किया है कि अलग हो जाएं और हमने तलाक के लिए अर्जी दे दी है।"
दूसरी तरफ इमरान खान ने भी अपने एक ट़वीट में लिखा "यह मेरे और रेहम के परिवार के लिए कठिन समय है। मैं सबसे आग्रह करुंगा कि वो मेरी और रेहम की निजता का सम्मान करें।" इमरान खान के साथ उनकी यह दूसरी शादी थी। रेहम के अपने पूर्व पति से तीन बच्चे है। एक वरिष्ठ पत्रकार आरिफ निजामी ने टीवी पर एक चर्चा के दौरान कहा था कि इमरान खान रेहम से शादी करने के फैसले पर अफसोस कर रहे हैं। उनकी शादी टूटने वाली है और दोनों का रिश्ता इस कदर बिगड़ चुका है कि अब कुछ नहीं हो सकता
इमरान खान की पार्टी ने भी इस बात की पुष्टि की है और कहा है कि यह तलाक दोनों की मर्जी से हुआ है। सूत्रों की माने तो कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी, जो तलाक तक जा पहुंची। रेहम की पहली शादी 15 साल तक चली थी उसके बाद दोनों का तलाक हो गया। बताया जा रहा है कि इमरान खान रेहम के राजनीतिक पार्टी में आने से खुश नहीं थे।
Latest World News