हरदान (इराक): आईएसआईएस का कुनबा जैसे-जैसे सिमटता जा रहा है वैसे ही उनके वहशी कारनामे भी उजागर हो रहे हैं। इराक के हरदान के पास 72 सामूहिक कब्रों का पता चला है जहां आईएसआईएस ने हजारों शवों को दफना दिया। इन जगहों पर आईएसआईएस के लड़ाकों ने हजारों बंधकों की हत्या कर दी थी और बुलडोजर से शवों को दफन कर दिया था।
आईएसआईएस के इस क्रूर कारनामे के कुछ गवाह आज भी इराक के हरदान शहर में छिपे हुए हैं। इन लोगों ने इस क्रूरता को अपनी आंखों से देखा जब इनके परिवारवालों की हत्या की गई और शवों को बुलडोजर से दफनाया गया। हत्या करने से पहले सभी बंधकों को हथकड़ियां पहना दी गई थीं और फिर गोली मार दी गई। पूरे इलाके में कई ऐसे सामूहिक कब्र हैं जहां बंधकों की हत्या कर उन्हें दफना दिया गया।
बहरहाल, इस्लामिक स्टेट समूह के सिकुड़ते क्षेत्र के कारण इनमें से अधिकतर कब्रों के उजागर होने की संभावना है। सीरिया में 17 सामूहिक कब्रों के स्थान का पता चला है, जिनमें से एक कब्र में एक ही कबीले के 100 से अधिक शव दफन किए गए थे। बहरहाल, आईएस के इस क्षेत्र में कब्जा करने के साथ इन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया था।
Latest World News