काठमांडू: भारत और नेपाल ने अपने रक्षा संबंधों को और बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज यहां अपना 10वां संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया जो दो सप्ताह से अधिक समय चलेगा। इस सैन्य अभ्यास के दौरान पर्वतीय क्षेत्र में आतंकवाद मुकाबले पर जोर होगा।
10 नेपाल में सालझंडी स्थित आर्मी बैटल स्कूल में शुरू हुआ। भारतीय सेना ने एक बयान में कहा, अभ्यास की श्रृंखला सूर्य किरण का आयोजन प्रतिवर्ष होता है। यह अभ्यास एक वर्ष नेपाल और एक वर्ष भारत में होता है। उल्लेखनीय है कि भारत की ओर से विभिन्न देशों के साथ किये जाने वाले प्रशिक्षण अभ्यासों में से नेपाल के साथ होने वाला सूर्य किरण श्रृंखला का अभ्यास सैनिकों की हिस्सेदारी के मामले में सबसे बड़ा है।
इस संयुक्त अभ्यास में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व जहां कुमायूं रेजीमेंट द्वारा किया जा रहा है, वहीं नेपाली सेना का प्रतिनिधित्व जबार जंग बटालियन द्वारा किया जा रहा है। बयान में कहा गया, इस अभ्यास का उद्देश्य बटालियन स्तर का संयुक्त प्रशिक्षिण करना है जिसमें पर्वतीय क्षेत्र में आतंकवाद से मुकाबले पर जोर हो। अभ्यास में आपदा प्रबंध पहलू को भी शामिल किया गया है। संयुक्त बटालियन स्तरीय अभ्यास दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और संबंध बढ़ाएगा।
Latest World News