1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तानी वकील ने कहा, ICJ कभी भी जाधव को दोषमुक्त नहीं करेगा

पाकिस्तानी वकील ने कहा, ICJ कभी भी जाधव को दोषमुक्त नहीं करेगा

अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में भारत के कथित जासूस कुलभूषण जाधव मामले में पाकिस्तान का पक्ष रखने वाले वकील खावर कुरैशी ने कहा है कि भारत को इस मामले में अभी जीत नहीं मिली है।

Khawar Qureshi- India TV Hindi
Khawar Qureshi

इस्लामाबाद: अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में भारत के कथित जासूस कुलभूषण जाधव मामले में पाकिस्तान का पक्ष रखने वाले वकील खावर कुरैशी ने कहा है कि भारत को इस मामले में अभी जीत नहीं मिली है। स्थानीय मीडिया में आई एक खबर से यह जानकारी मिली। समाचार चैनल 'द नेशन' से ब्रिटेन में रहनेवाले कुरैशी ने कहा कि भारत को अभी मामले में जीत नहीं मिली है और ICJ कभी भी 'जाधव को दोषमुक्त नहीं करेगा'।

स्थानीय मीडिया में शनिवार को आई रिपोर्ट में कहा गया है कि अब ICJ में कुरैशी की जगह पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल अश्तर ऑसफ अली पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे। कुरैशी ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ICJ इस वर्ष के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में जाधव का मामला खारिज कर देगा। उन्होंने इस मामले में तगड़ी फीस लेने से जुड़ी खबरों का भी खंडन किया। कुरैशी ने कहा, ‘मुझे इस तरह के प्रश्नों का जवाब देते हुए भी दुख हो रहा है और मैं इस तरह की खबरों को खारिज करता हूं।’

पाकिस्तान की सैन्य अदालत द्वारा जासूसी के आरोप में भारतीय नागरिक जाधव को सुनाई गई फांसी की सजा के खिलाफ भारत ने ICJ में याचिका दाखिल की, जिसकी पिछले हफ्ते हुई सुनवाई के दौरान कुरैशी ने पाकिस्तान का पक्ष रखा था। ICJ ने पिछले सप्ताह मामले पर अंतिम फैसला आने तक जाधव को फांसी देने पर रोक लगा दी है।

Latest World News