इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने आज आरोप लगाया कि भारत ने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकरिया ने ट्वीट किया कि भारत ने सुबह के समय तांडर, सब्जकोट, खुइराटा, बारोन, बगसर और खन्जर इलाकों में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। (माउंट एवरेस्ट की सफाई के लिए चीन ने चलाया अभियान)
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के कोटली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चौधरी जुल्फिकार सरफराज ने कहा कि सब्जकोट में भारत के सीमा सुरक्षा बल की ओर से कथित तौर पर की गई गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सरफराज ने कहा, सब्जकोट में मोर्टार एक मकान की छत से होकर गुजरा जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घटना के समय ये लोग सो रहे थे।
सब्जकोट कोटली जिले के चारहोई सेक्टर के निकट स्थित गांव है। मारे गए व्यक्ति की पहचान 18 साल के रिजवान के रूप हुई है। 14 साल का कामरान और 80 साल की विलायत बेगम घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि खुइराटा सेक्टर में राजा अजीज (75) नामक एक और व्यक्ति घायल हो गया। उन्होंने कहा कि पूरी रात भीषण गोलाबारी चलती रही, जो सुबह के समय कम हुई।
Latest World News