A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. थाईलैंड: भारतीय युवक पर लगा नाबालिग लड़की के साथ रेप का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

थाईलैंड: भारतीय युवक पर लगा नाबालिग लड़की के साथ रेप का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

थाईलैंड में एक भारतीय व्यक्ति को एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर रेप करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।

Representational Image | PTI- India TV Hindi
Representational Image | PTI

बैंकॉक: थाईलैंड में एक भारतीय व्यक्ति को एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर रेप करने के लिए गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28 साल के बेन्नूर यथीशा को जुलाई में हुई इस कथित घटना के लिए गुरुवार को कलोंग तोई जिले के उसके कमरे से गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी तरफ यथीशा ने खुद के ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाबालिग लड़की की उम्र 14 साल है।

लड़की के बयान के मुताबिक, वह आरोपी से लाइन चैट ऐप पर 30 जून को मिली और व्यक्ति ने उससे खाओसन रोड पर एक जुलाई को मिलने को कहा। मुलाकात के बाद यथीशा उसे अपने कमरे पर ले गया और उससे दुष्कर्म करने से पहले उसे बीयर पीने पर बाध्य किया। भारतीय ने नाबालिग से दुष्कर्म से इनकार किया और कहा कि वह सिर्फ उसे अपने कमरे पर बीयर पिलाने के लिए ले गया था।

लड़की ने कहा कि वह शुरुआत में घटना के बारे में अपने परिवार को बताने से डर गई थी। इसलिए वह सुखुमवित इलाके में 3 जुलाई तक एक होटल में किराए पर रही। वह बाद में घर गई और अपने पिता को बताया, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट में कहा गया कि यथीशा पर 15 साल से कम उम्र की लड़की से दुष्कर्म करने व गैरकानूनी रूप से लड़की को उसके माता-पिता से दूर ले जाने का आरोप लगाया गया है।

Latest World News