1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ढाका में कमांडो ऑपरेशन खत्म, 18 बंधकों को छुड़ाया गया, 6 आतंकी ढेर

ढाका में कमांडो ऑपरेशन खत्म, 18 बंधकों को छुड़ाया गया, 6 आतंकी ढेर

बांग्लादेश के सुरक्षाबल ने बंधकों को छुड़ाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सुरक्षा दल लोगों को छुड़ाने के लिए रेस्टोरेंट में दाखिल हो गए हैं।

bangladesh attack- India TV Hindi
bangladesh attack

ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उच्च सुरक्षा वाले राजनयिक क्षेत्र के एक रेस्तरां में चल रहा बंधक संकट आज खत्म हो गया जब भारी हथियारों से लैस बांग्लादेशी कमांडो ने इस रेस्तरां पर धावा बोला और इस्लामिक स्टेट (IS) के आतंकवादियों को मार गिराया। इस रेस्तरां में विदेशी नागरिकों सहित कई लोगों को 12 घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाये रखा गया था।

सुबह करीब 7:40 बजे गोलीबारी और विस्फोट की आवाज सुनी गई जब ढाका के गुलशन राजनयिक क्षेत्र के होले आर्टिजन बेकरी में बंधक संकट को खत्म करने के लिए कमांडो ने अभियान शुरू किया।

कैफे पर धावा बोलने वाली विशिष्ट सुरक्षा इकाई रैपिड ऐक्शन बटालियन (RAB) के कमांडो तुहीन मोहम्मद मसूद ने बताया कि कई लोग हताहत हुए हैं जिनमें 6 हमलावर शामिल हैं। मसूद ने संवाददताओं से कहा, हमने 6 आतंकवादियों को मार गिराया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रेस्तरां से कुल 18 लोगों को बचाया गया।

ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस के उपायुक्त मोहम्मद जशीम ने कहा कि, रेस्तरां से बचाए गए लोगों में भारतीय, श्रीलंकाई और जापानी नागरिक हैं।

RAB के एक अधिकारी ने कहा कि कम से कम छह शव बरामद किए गए हैं, हालांकि उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की है कि ये शव बंधकों के हैं या बंदूकधारियों के हैं।

ढाका में बंधक संकट की शुरूआत शुक्रवार की रात हुई थी और इसके बाद गोलीबारी में कम से कम दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मारे गए और 40 लोग घायल हो गए।

मीडिया की खबरों के अनुसार सेना के जवान भी कमांडो के साथ कैफे के अंदर दाखिल हुए। कार्रवाई के पहले आधे घंटे में करीब 1000 राउंड गोलियां चलीं और लगभग 100 धमाकों की आवाज भी सुनी गई।

जिहादी गतिविधियों पर ऑनलाइन नजर रखने वाले अमेरिका आधारित SIT खुफिया समूह ने बताया कि आतंकी गुट इस्लामिक स्टेट ने इस हमले के करीब 4 घंटे बाद अपनी समाचार एजेंसी अमाक के माध्यम से इसकी जिम्मेदारी ली।

होले आर्टिजन बेकरी में कम से कम 9 आतंकवादी अल्लाहू अकबर चिल्लाते हुए घुसे और उन्होंने स्थानीय समयानुसार कल रात करीब नौ बजकर 20 मिनट पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस रेस्तरां में अक्सर राजनयिक और विदेशी नागरिकों का आना जाना रहता है।

सुरक्षा बलों ने ढाका के राजनयिक क्षेत्र गुलशन स्थित इस कैफे में जब आक्रामक अभियान शुरू किया तो इलाके में गोलीबारी एवं विस्फोट की आवाजें गूंजने लगीं।

सेना प्रमुख जनरल शफी उल हक कमांडो अभियान पर नजर रख रहे थे। सुरक्षा अधिकारियों ने पड़ोस में रहने वाले लोगों को घरों में रहने का निर्देश जारी किया था।

Latest World News