कश्मीर घाटी में भारत विरोधी प्रदर्शनों में पाकिस्तानी आतंकी संगठन की भूमिका के भारत के आरोप को उस समय बल मिला जब मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड और जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद ने गुरुवार को दावा किया कि लश्कर-ए-तैयबा के एक सरगना अबु दुजना ने कश्मीर में आतंकी बुरहान वानी के जनाजे का नेतृत्व किया था।
हाफ़िज़ सईद ने फैसलाबाद में एक रैली में कहा कि बुरहान वानी के जनाज़े में शामिल होने के लिए लाखों कश्मीरी सड़कों पर उतर आए। क्या आपने उस आदमी को देखा जिसे भीड़ अपने कंधों पर उठा रही थी। क्या आप उस युवक को जानते हैं जो जनाजे का नेतृत्व कर रहा था। क्या आपको पता है कि वह कौन है। वह लश्कर का एक सरगना है। सईद ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा का सरगना अबु दुजना ने वानी के जनाजे का नेतृत्व किया था।
सईद ने यह दावा भी किया कि कश्मीरी अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी ने फोन कर उससे मदद मांगी थी। उसने कहा कि आसिया अंद्राबी ने मुझे फोन किया था और कहा ता कि मेरे पाकिस्तानी भाई कहां हैं हम मुश्किल में हैं। सईद ने कहा, मैंने अपने पाकिस्तानी भाइयों से उनके फोन का जवाब देने को कहा। कश्मीर में एक समूह भेजने का तत्काल फैसला किया गया और तीन दिन के भीतर सारी तैयारियां कर ली गयीं। फैसलाबाद से कई लोग कश्मीर गए थे।
Latest World News