बीजिंगः चीन के दक्षिणपूर्वी फुजियान प्रांत में आज भीषण भूस्खलन में एक पनबिजली स्टेशन का निर्माण स्थल और इसके कार्यालय की इमारत दब गई जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई हैं और 41 व्यक्ति लापता हो गए जबकि सात अन्य घायल हैं।
तैनिंग काउंटी में भूस्खलन से पनबिजली स्टेशन का एक निर्माण स्थल का अस्थायी शेड दब गया और उसके कार्यालयों को नुकसान पहुंचा। इस भूस्खलन के कारण विस्थापित मिट्टी ने हाइड्रोपावर के निर्माण स्थल को लगभग पूरी तरह से ढक लिया और इसके कार्यालयों को नष्ट कर दिया।
शनिवार से 24 घंटे में 191.6 मिलीमीटर भारी बारिश हुई जिससे भूस्खलन हुआ। स्थानीय पर्यटन प्रशासन ने सभी भ्रमण स्थलों को बंद करने का आदेश दिया है। और पर्यटकों को सकुशल बाहर निकलाने का काम कर रही है। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र में सोमवार और उसके बाद भी भारी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
मूसलाधार बारिश से लगभग दो गांवों में 250 लोग अभी फंसे हुए हैं, जिनके लिए आवश्यक राहत सामग्री भेजी जा रही है। बिजली की आपूर्ति बाधित हुई और यांगशुओ काउंटी में कई घर ढह गए। प्रशासन ने 61 लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से सकुशल बाहर निकाला। लगातार हो रही बारिश से कई सड़कें भी नष्ट हो गई हैं।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने फुजियान स्थानीय सरकार और संबंधित विभागों को मलबे में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास करने का आदेश दिया है। उन्होंने भूस्खलन में दबे और लापता लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा और घायलों के उचित इलाज पर जोर दिया।
Latest World News