नई दिल्ली: ऐसा कम ही सुनने को मिलता है कि किसी सुंदरी ने आतंकवादियों के खिलाफ जंग का ऐलान करते हुए कमर कस ली हो। लेकिन 2010 में मिस जॉर्डन का खिताब जीत चुकीं लारा अब्दल्लत ने यकीनन ऐसा कर दिखाया है। अपने चमकते करियर को पीछे छोड़ लारा अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी संगठन 'घोस्ट सिक्योरिटी' से जुड़ गई हैं।
लारा घोस्ट सिक्योरिटी में बतौर हैक्टिविस्ट के रूप में काम करती हैं, जिसका उद्देश्य इस्लामिक स्टेट (आईएस) जैसे आतंकवादी गुटों के बढ़ रहे ऑनलाइन वर्चस्व को खत्म करना है। घोस्ट सिक्योरिटी हैकर्स समूह 'एनोनिमस' से संबद्ध संस्था है।
आईएस जैसे आतंकी गुट गुपचुप तरीके से संगठन में भर्तियां करने, हमलों की योजनाएं बनाने और खुफिया अभियानों को अंजाम तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन गुटों के सोशल मीडिया साइटों पर लाखों की संख्या में खाते हैं। ये आतंकी गुट फेसबुक, ट्विटर, लिंकडइन जैसी साइटों के जरिए युवाओं को गुमराह कर अपने उद्देश्यों की पूर्ति करने में लगे हुए हैं।
वेबसाइट 'माइक' के मुताबिक, रोजमर्रा की जिंदगी में आईएस जैसे संगठनों की बढ़ रही धाक और इनके द्वारा किए जा रहे नृशंस अपराधों से लारा काफी आहत थी। वह इसे रोकने की दिशा में कुछ करना चाहती थी। इसी सोच के साथ लारा नवंबर 2014 में घोस्ट सिक्योरिटी से जुड़ गई। जनवरी 2015 में आईएस द्वारा जॉर्डन के पायलट मुआथ-अल-सकेस्बेह को जिंदा जलाने की घटना ने लारा को अंदर तक झकझोर दिया था।
लारा पिछले सात महीनों से इस समूह से जुड़ी हैं। वेबसाइट का दावा है कि इस दौरान संगठन ने आईएस की 100 वेबसाइटों और 55,000 ट्विटर खातों को बंद कर दिया है। इसके साथ ही आईएस के दो प्रमुख वेब फोरम को भी बंद करने का दावा किया गया है।
Latest World News