1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. मोदी-गनी ने अफगानिस्तान-भारत मैत्री बांध का उद्घाटन किया

मोदी-गनी ने अफगानिस्तान-भारत मैत्री बांध का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने आज यहां संयुक्त रूप से एतिहासिक मैत्री बांध का उद्घाटन किया।

modi- India TV Hindi
modi

हेरात (अफगानिस्तान): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने आज यहां संयुक्त रूप से एतिहासिक मैत्री बांध का उद्घाटन किया। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हेरात प्रांत में 1,700 करोड़ रपये की लागत से तैयार इस बांध से युद्धग्रस्त इस देश में पुनर्निर्माण गतिविधियों को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता का पता चलता है।

भारत-अफगानिस्तान मैत्री बांध नाम से जाना जाने वाला यह बांध पश्चिमी हेरात में चिश्त-ए-शरीफ नदी पर बना है जो कि ईरान सीमा के नजदीक है। इस बांध से यहां 75,000 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी और करीब 42 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जायेगा। पहले इसे सलमा बांध के नाम से जाना जाता था। मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के पहले पड़ाव में यहां पहुंचे हैं।

छह माह से भी कम समय में मोदी की यह दूसरी अफगानिस्तान यात्रा है। इस परियोजना को भारत और अफगानिस्तान मैत्री की एतिहासिक ढांचागत परियोजना माना जा रहा है। हेरात शहर से 165 किलोमीटर दूर इस बांध के बनने से प्रांत की कृषि अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा मिलेगा।

PM नरेंद्र मोदी 5 देशों की यात्रा पर

अफगानिस्तान के बाद PM मोदी कतर जाएंगे। 2 दिनों की यात्रा के दौरान मोदी अमिर शेख तामिम बिन हमाद अल थानी के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कतर यात्रा के बाद PM मोदी वहां से वह स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होंगे।

नरेंद्र मोदी स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति जोहान स्निडर अम्मानन समेत स्विस नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे और ऐसी संभावना है कि वे स्विट्जरलैंड में भारतीयों के कालाधन का पता लगाने के लिए उनसे सहयोग मांगेंगे। सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के अधिकारी एक समझौते को अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं जो कर से जुड़े मुद्दों पर सूचनाओं के आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त करेगा।

स्विट्जरलैंड सरकार ने 18 मई को एक अध्यादेश पर विचार विमर्श शुरू किया है ताकि एक ऐसा तंत्र बनाया जा सके जो भारत एवं अन्य देशों के साथ कर सूचनाओं के तुरंत आदान प्रदान का मार्ग प्रशस्त कर सके।

7 जून को अमेरिका जाएंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के निमंत्रण पर 7 जून को अमेरिका जाएंगे, जहां वह रक्षा, सुरक्षा और उर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। PM मोदी वहां अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।

अमेरिका से वापसी में वह मैक्सिको जाएंगे, जहां भारत की नजरें कारोबार और निवेश संबंधों पर लगी हैं। पिछले वर्ष सितंबर में संयुक्त राष्ट्र यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में मोदी और मैक्सिको के राष्ट्रपति एनरिक पेना नीटो के साथ बातचीत हुई थी।

Latest World News