1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. हाफिज ने फिर उगला जहर बोला, पठानकोट जैसे और हमले होंगे

हाफिज ने फिर उगला जहर बोला, पठानकोट जैसे और हमले होंगे

जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद ने पठानकोट सरीखे और हमलों की चेतावनी दी है। 2008 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड ने कहा है कि भारत को पठानकोट जैसे दर्द अभी और मिलते रहेंगे।

hafiz saeed- India TV Hindi
hafiz saeed

नई दिल्ली: जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद ने पठानकोट सरीखे और हमलों की चेतावनी दी है। 2008 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड ने कहा है कि भारत को पठानकोट जैसे दर्द अभी और मिलते रहेंगे। पीओके में एक रैली को संबोधित करते हुए सईद ने कहा कि 8 लाख से ज्यादा फौजी कश्मीर में जनसंहार को अंजाम दे रहे हैं। रैली के दौरान भारत के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

मुजफ्फराबाद में सईद ने धमकी दी कि कश्मीर की आजादी उसकी जिंदगी का इकलौता मकसद है। उसने सैयद सलाहुद्दीन की बातों का समर्थन करते हुए कहा कि वह क्यों सेना के बल पर लोगों को सरप्राइज करने की कोशिश करते हैं।

सईद ने कहा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कश्मीर के लोगों के मन की चाहत समझने की कोशिश करें। उसने कहा कि यह एक स्वाभाविक है कि कोई चीज बहुत दबाई जाती है तो कई दिशाओं में उसका जवाब मिलता है। कई बार इधर से तो कई बार उधर से जवाब मिलता ही है। हाफिज सईद ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आपकी नीति कश्मीरियों को सेना की ताकत पर दबाने का है तो सुन लो, मामला श्रीनगर तक नहीं रुकेगा, पठानकोट तक जाएगा और उससे आगे भी पहुंचेगा।

सईद ने दोहराया कि कश्मीर में जो चल रहा है उसे सुलझाया नहीं गया तो यह भारत के लिए बहुत बड़ा खतरा बन जाएगा। इस बात को समझकर ही कदम उठाने की जरूरत है। हाफिल सईद ने अपने भाषण में कहा कि कश्मीरियों को उनका हक दिलवाने की कोशिश अल्लाह की मर्जी है। अल्लाह के नाम पर मेरी गुजारिश है कि सब इकट्ठा हो जाओ। अल्लाह तुम्हारे पिछले सारे गुनाह माफ कर देगा।

हाफिज सईद उन आतंकवादियों में से एक है जिन पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर के इनाम की घोषणा कर चुका है। वह 2008 में हुए मुंबई धमाकों का मास्टरमाइंड है। इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी।

Latest World News