शीयान: चीन की यात्रा पर पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को शीयान में टेराकोटा वॉरिअर्स म्यूजियम का दौरा करने के बाद प्राचीन बौद्ध मंदिर दा सिंगशान गए और प्रार्थना की। नरेंद्र मोदी ने भगवान बुद्ध की विशाल सोने की मूर्तियों के सामने हाथ जोड़ कर प्रार्थना की। साथ ही भगवे वस्त्र में वहां मौजूद बौद्ध भिक्षुओं ने भी मंत्रोच्चार किए।
मंदिर के दौरे के दौरान मोदी ने सफेद कुर्ता-चूड़ीदार पहन रखा था और कंधे पर रंगीन शाल ले रखा था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा, "प्रधानमंत्री की मौजूदगी में दा सिंगशान के भव्य हॉल में सूत्र का सस्वर पाठ।"
यह मंदिर दक्षिणी शीयान में है। इस मंदिर का निर्माण मूल रूप से जीन वंश ने करवाया था, जिसका बाद में सुई वंश ने विस्तार कराया। लगभग 582 में पुनर्निर्माण के बाद इस मंदिर को दा सिंगशान मंदिर कहा जाने लगा।
इससे पहले मोदी ने टेराकोटा वॉरिअर्स म्यूजियम का दौरा किया था। संग्रहालय में चीन के पहले सम्राट किन शी हुआंग की सेना को दर्शाती टेराकोटा की कई आकर्षक प्रतिमाएं हैं। यहां सैनिकों की 8,000 से अधिक टेराकोटा की मूर्तीयां हैं।
वह संग्रहालय के विभिन्न हिस्सों में गए और उन्होंने गाइड की बात ध्यानपूर्वक सुनी।
शीयन शहर शांक्सी प्रांत की राजधानी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का शहर है। मोदी और शी के बीच दिन में बैठक होने वाली है।
प्रसिद्ध बौद्ध विद्वान व चीनी यात्री ह्वेन सांग का संबंध भी शीयान शहर से था, जिन्होंने 629 से 645 के बीच भारत का भ्रमण किया था।
Latest World News