नई दिल्ली: पंजाब के पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले की जांच और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पाकिस्तान को नसीहत दी। ओबामा की नसीहत के बाद पाक पीएम नवाज शरीफ ने भारत से एक-दूसरे के मामले में दखलंदाजी नहीं करने की बात कही है।
लंदन में रविवार को नवाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान की जमीन का आतंक के लिए इस्तेमाल नहीं होने देंगे। शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान में पठानकोट हमले की पूरी जांच चल रही है और पूरी होने पर सच सामने लाएंगे। पाक पीएम ने पाकिस्तानी जांच दल के भारत जाने की बात दोहराई और कहा कि चारसद्दा हमले के बाद हमने भी इल्जाम नहीं लगाए।
गौरतलब है कि पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर आतंकी हमले को भारत की ओर से लंबे समय से झेले जा रहे अक्षम्य आतंकवाद की एक और मिसाल करार देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आज पाकिस्तान से कहा कि वह अपनी सीमा से आतंकी गतिविधियां संचालित करने वाले नेटवर्कों को अवैध ठहराए, बाधित करे और तबाह करे।
ओबामा ने कहा कि पाकिस्तान के पास यह दिखाने का मौका है कि वह आतंकवादी नेटवर्कों को अवैध ठहराने, बाधित करने और तबाह करने को लेकर गंभीर है।
Latest World News