नई दिल्ली: नेपाल में शनिवार को आए 7.9 तीव्रता के भूकंप ने भूगोल ही बदल दिया है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों का दावा है कि दक्षिण की ओर काठमांडू 3 मीटर और बिहार (भारत) का एक हिस्सा एक से 10 फीट तक खिसका है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक कोलिन स्टार्क का कहना है कि शनिवार के झटके से बिहार का कुछ हिस्सा नेपाल के नीचे चला गया। खासकर भरतपुर से हेतौदा होते हुए जनकपुर तक।
कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के टेक्टोनिक्स विशेषज्ञ जेम्स जैक्सन और एडिलेड यूनिवर्सिटी के फिजिकल साइंसेस डिपार्टमेंट की प्रमुख सैंडी स्टेसी ने इन दावों की पुष्टि की है। ब्रिटेन की डरहम यूनिवर्सिटी के अर्थ साइंसेस डिपार्टमेंट के मार्क एलन ने कहा, ‘जमीन न केवल दक्षिण की ओर खिसकी है, बल्कि हर दिशा में आगे बढ़ी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या बदलाव इतना बड़ा है कि दुनिया का नक्शा बदला जाए।’
स्टार्क ने कहा, 'बस कुछ ही सेकंड में भारत का एक हिस्सा एक से 10 फुट उत्तर और नेपाल के नीचे खिसक गया। बिहार के नीचे की चट्टान (जिसे हम भूपृष्ठ या स्थलमंडल कहते हैं) नेपाल में भरतपुर से हेतौदा होते हुए जनकपुर के क्षेत्र के नीचे खिसक गई।'
हालांकि, माउंट एवरेस्ट में कोई बदलाव नहीं आया है।
Latest World News