काठमांडू: नेपाल में संविधान के एक प्राथमिक मसौदे पर आम लोगों की राय लेने के लिए चलाया गया राष्ट्रीय अभियान कुछ विपक्षी पार्टियों के विरोध के बीच पूरा हो गया। भारत की सीमा से लगे दक्षिणी इलाके मधेश क्षेत्र को छोड़कर देश के सभी हिस्सों में बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, व्यवसायी, राजनीतिज्ञ तथा विद्यार्थियों सहित लाखों लोगों ने राष्ट्रीय अभियान में हिस्सा लिया और नए संविधान के मसौदे पर अपने सुझाव पेश किए।
240 निर्वाचन क्षेत्रों में जन सुनवाई आयोजित की गई, जहां लोगों ने खुशहाल तथा स्थिर नेपाल की उम्मीद जाहिर की।
वरिष्ठ मंत्रियों और बड़ी पार्टियों के नेताओं को लोगों के सुझाव लेने के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध का सामना करना पड़ा।
संविधान सभा की तरफ से पेश की गई कार्य योजना के तहत, नागरिक संबंध तथा लोक राय संग्रहण संबंधित समिति राजनीतिक संवाद तथा सहमति समिति को मसौदे पर चर्चा के लिए 23 जुलाई को अपनी रपट पेश करेगी।
Latest World News