काठमांडू: भूकंप के बाद के पुनर्निर्माण अभियान के तहत नेपाल इस सप्ताह 1300 इंजीनियरों की सेवा लेने के लिए तैयार है। यह जानकारी प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने बुधवार को दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ओली ने कहा, "हमलोग पुनर्निर्माण करने जा रहे हैं, लेकिन नेताओं और लोगों की पूर्ण दृढ़ता के बिना राष्ट्र का पुनर्निर्माण नहीं हो सकता है। मैं आशा करता हूं कि इंजीनियर भूकंपरोधी घरों का पुनर्निर्माण ईमानदारी से करेंगे।"
भूकंप से तबाह हुए 14 जिलों में पुनर्निर्माण कार्यों में आएगी तेज़ी
ओली ने कहा कि भूकंप प्रभावित 14 जिलों में पुनर्निर्माण कार्यो में सहायता के लिए बड़ी संख्या में स्वयं सेवक लगाए जाएंगे। बीते साल अप्रैल महीने में 7.9 तीव्रता वाले भूकंप से नेपाल में करीब 5 लाख घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। भूकंप की वजह से हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरे इलाकों में जाना पड़ा था। तबाही की वजह से देश का इंफ्रास्ट्रक्चर चरमरा गया था, जिसका दुष्प्रभाव नेपाल की टूरिज़म इंडस्ट्री पर भी पड़ा था। अब नेपाल के प्रधानमंत्री की पुनर्निर्माण की घोषणा से लगता है कि नेपाल में स्थितियों में जल्द सुधार नज़र आएगा।
तय किए इलाकों में दो साल रहेंगे चुने गए इंजीनियर
अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने भूकंप से तबाह नेपाल को 4.1 अरब डॉलर की सहायता देने का वचन दिया है। इंजीनियर और वास्तुविदों का चयन योग्यता के आधार पर किया गया है। ये लोग अपने लिए तय किए गए क्षेत्रों में दो साल तक रहेंगे। ये लोग इस सप्ताहांत भूकंप प्रभावित जिलों में काम शुरू करेंगे।
Latest World News