1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अपनी पहली विदेश यात्रा पर 9 मई को भारत आएंगी नेपाली राष्ट्रपति

अपनी पहली विदेश यात्रा पर 9 मई को भारत आएंगी नेपाली राष्ट्रपति

काठमांडू: नेपाली राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी नौ मई को भारत दौरे पर आएंगी। गत साल अक्टूबर में राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। इस संबंध में नेपाल के

Nepali President- India TV Hindi
Nepali President

काठमांडू: नेपाली राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी नौ मई को भारत दौरे पर आएंगी। गत साल अक्टूबर में राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। इस संबंध में नेपाल के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि पहले नेपाली राष्ट्रपति ने मध्य प्रदेश उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले में भाग लेने की इच्छा जाहिर की थी। इसकी सूचना भारत सरकार को दी गई। भारत सरकार ने नेपाली राष्ट्रपति का मेजबान बनने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद दौरे को अधिकारिक यात्रा में तब्दील कर दिया गया।

इसलिए अब राष्ट्रपति भंडारी अपने भारतीय समकक्ष प्रणब मुखर्जी के आमंत्रण पर भारत आएंगी। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति भंडारी के दौरे की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि गत मार्च में प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली के बाद राष्ट्रपति की यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे। गत साल सितंबर में नए संविधान की घोषणा के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध निचले स्तर पर पहुंच गए थे।

राष्ट्रपति के दौरे को अधिकारिक रूप देने के पीछे दो कारण हो सकते हैं -एक तो वह नेपाल की महिला राष्ट्रपति हैं और दूसरा नेपाल में नए संविधान की घोषणा के बाद वह नेपाल के शीर्ष पद के लिए निर्वाचित हुई हैं। सूत्रों के अनुसार, भंडारी नौ मई को नई दिल्ली पहुंचेंगी और उसी दिन भारतीय नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगी।

प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार, नेपाली राष्ट्रपति अपने भारतीय समकक्ष प्रणब मुखर्जी से 10 मई को राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करेंगी। उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेशमंत्री सुषमा स्वराज और अन्य भारतीय नेता नई दिल्ली में भंडारी से मुलाकात करेंगे। नई दिल्ली में बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद भंडारी सिंहस्थ कुंभ मेले में भाग लेने के लिए उज्जैन रवाना हो जाएंगी, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उनसे मुलाकात करेंगे। अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति की यात्रा का विवरण, प्रतिनिधिमंडल के आकार और अन्य तैयारियां अभी पूरी नहीं हुई हैं। नेपाल के पूर्व राष्ट्रपति रामबरन यादव ने भारत की दो आधिकारिक और एक राजकीय यात्रा की थी। लेकिन 1998 के बाद अभी तक किसी भारतीय राष्ट्रपति ने नेपाल का दौरा नहीं किया है। 1998 में तत्कालीन भारतीय राष्ट्रपति के.आर. नारायणन ने नेपाल का दौरा किया था।

Latest World News