तोक्यो: जापान के प्रधानमंत्री शिंझो एबे ने आज उत्तर कोरिया की ओर से किए गए मिसाइल परीक्षण की निंदा करते हुए इसे एक ऐसी भड़काउ हरकत बताया, जिसने उनके देश पर खतरा पैदा कर दिया है। यह मिसाइल जापान के तट से 250 किलोमीटर की दूरी पर गिरी। एबे ने संवाददाताओं से कहा, यह हमारे देश की सुरक्षा के खिलाफ एक गंभीर खतरा है। यह उकसाने वाली हरकत है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
रक्षा मंत्री जनरल नाकातानी ने कहा कि यह मिसाइल देश के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में उत्तरी तट के पास जापान सागर में गिरी। वर्ष 1998 के बाद यह पहली बार हुआ है, जब उत्तर कोरिया की मिसाइल जापान के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में आकर गिरी है।
सरकार के शीर्ष प्रवक्ता और प्रमुख केबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने भी इस परीक्षण की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने संवाददाताओं को बताया, इसके बारे में कोई पूर्व चेतावनी नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा, विमान एवं पोतों की सुरक्षा के लिहाज से यह भारी समस्या पैदा करने वाला खतरनाक कृत्य है। हमने कूटनीतिक माध्यमों से उत्तर कोरिया के खिलाफ तत्काल कड़ा विरोध दर्ज कराया और इस प्रक्षेपण की कड़े शब्दों में निंदा की।
Latest World News