कराची: सिंध में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय में शनिवार को दो बम विस्फोट हुए जिससे एक कर्मी की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। एक दिन पहले ही इस दक्षिणी प्रांत में नए मुख्यमंत्री ने शपथ ली है। सिंध में लरकाना शहर के मीरो खान रोड पर दोनों विस्फोट उस समय हुए जब रेंजर्स का काफिला मुख्यालय से बाहर आ रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यालय के समीप एक साइकिल में और कचरे के एक डिब्बे में विस्फोटक लगाए गए थे। पुलिस अधिकारी कादिर निजमानी ने बताया दोनों विस्फोट के कारण रेंजर्स के चार अधिकारी घायल हो गए। इनमें से एक ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
निजमानी ने बताया कि मुख्यालय के पास से गुजर रहे 12 अन्य नागरिक भी विस्फोट में घायल हुए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि अब तक दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य की तलाश के लिए अभियान जारी है। हमले के घंटों बाद उग्रवादी गुट जमात-उल-अहरार के प्रवक्ता अहसानुल्ला अहसन ने एक बयान में हमले की जिम्मेदारी ली और भविष्य में ऐसे और हमले करने की चेतावनी भी दी।
लरकाना में इस माह के शुरू में रेंजर्स, सिंध सरकार और स्थानीय पुलिस के बीच उस समय गतिरोध हुआ था जब अद्र्धसैनिक बल ने पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के एक रसूखदार सदस्य असद खराल और उसके संबंधी तारिक खराल को गिरफ्तार करने के लिए सरकारी कार्यालयों में छापा मारा था। रेंजर्स ने बाद मे कहा था कि लरकाना पुलिस ने भ्रष्टाचार के मामलों में वांछित खराल को भागने में मदद की।
प्रांतीय सरकार और रेंजर्स के बीच संबंध तब खराब हो गए थे जब पुलिस ने छापा मारने वाले दल के सादे कपड़े पहने सदस्यों को असद का अपहरण करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। रेंजर्स और नेशनल एकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) के अधिकारी 50 करोड़ रूपये के भ्रष्टाचार के दो मामलों में कथित भूमिका के लिए खराल से पूछताछ करना चाहते थे।
जवाबी कार्रवाई में रेंजर्स ने लरकाना के निवर्तमान गृह मंत्री अनवर सियाल के आवास पर छापा मारा और बाद में असद को हैदराबाद से गिरफ्तार किया। सिंध प्रांत में कल ही सैयद मुराद अली शाह ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। शाह ने सैयद कइम अली शाह का स्थान लिया है। उनके सामने राज्य में कानून व्यवस्था बहाल करने की चुनौती है।
Latest World News