इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर चतुर्थ पक्षीय सहयोग समूह के सदस्यों से अगले सप्ताह ओमान में बैठक करने और हिंसाग्रस्त देश में शांति का माहौल लाने के लिए वार्ता को फिर से शुरू करने के लिए कहा है। अफगानिस्तान, अमेरिका, चीन और पाकिस्तान चतुर्थ पक्षीय सहयोग समूह QCG के सदस्य है जिसकी पहली बैठक 2016 में हुई थी। पाकिस्तानी अखबार डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान में हिंसा को समाप्त करने के लिए चार पक्षीय शांति प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के अपने प्रयासों के तहत पाकिस्तान ने समूह के सदस्यों से 16 अक्टूबर को ओमान की राजधानी मस्कट में बैठक करने के लिए कहा है।
हाल में अमेरिका की यात्रा करने वाले पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने वॉशिंगटन में वॉयस आफ अमेरिका उर्दू को बताया कि उनका देश चतुर्थ पक्षीय सत्र में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा जिसका उद्देश्य अफगान तालिबान को बातचीत की मेज पर लाना है। अब तक QCG के 5 सत्र आयोजित हो चुके है। अंतिम सत्र मई 2016 में पाकिस्तान के मूरी में आयोजित हुआ था। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने भी चतुर्थ पक्षीय वार्ता का स्वागत किया है क्योंकि अफगानिस्तान में किसी भी शांति वार्ता की सफलता सुनिश्चित करने के लिए चारों देश महत्वपूर्ण नजर आ रहे है।
वार्ता में चीन की भागीदारी विशेष रूप से उत्साहवर्धन करने वाली है क्योंकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों अपनी कड़वाहट को एक किनारे रखकर चीन का स्वागत करने के लिए तैयार है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने कई बार वार्ता को शुरू करने के प्रयास किए लेकिन चारों पक्षों में से एक भी बातचीत की मेज पर लौटने का इच्छुक नजर नहीं आया। अफगानिस्तान में तालिबान ने अमेरिकी और अफगान सरकारी ठिकानों पर अपने हमले बढ़ाए हैं। अमेरिका में नए ट्रंप प्रशासन का हालांकि कहना है कि तालिबान पर बातचीत के लिए दबाव बनाना बेहतर रास्ता है।
Latest World News