इस्लामाबाद: पाकिस्तानी सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भारत पर अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। इन्स्पेक्टर जनरल फ्रंटियर कॉप्र्स (आईजीएफसी) मेजर जनरल शेर अफगान ने बताया भारतीय जासूस की गिरफ्तारी से पाकिस्तान में भारत द्वारा प्रायोजित आतंकवाद साबित हो गया है। वह यहां प्रांतीय राजधानी क्वेटा में एफसी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
प्रांत में चरमपंथ और उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई में पैरामिलिट्री एफसी का नेतृत्व कर रहे अफगान ने कहा कि बलूचिस्तान में कोई स्थानीय सशस्त्र आंदोलन नहीं है क्योंकि वहां हिंसा में शामिल लोगों को विदेश से समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि भारत के अलावा अफगान खुफिया एजेंसियां भी आतंकवाद में शामिल हैं।
आईजीएफसी ने यह भी दावा किया कि कुलभूषण यादव की गिरफ्तारी से उसके आकाओं की गिरफ्तारी की राह बनी। सेना के अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि भारत 46 अरब डालर के चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे को बाधित करने के लिए प्रयासरत है। कुलभूषण पर पाकिस्तान ने अपने यहां विध्वंसक गतिविधियों की साजिश रचने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि कुलभूषण को ईरान से प्रवेश करने के बाद बलूचिस्तान में गिरफ्तार किया गया।
Latest World News