इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र में शिकायत की कि भारत ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। समाचार पत्र डॉन की रपट के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने भारत और पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षण समूह (यूएनएमओजीआईपी) से शिकायत की है कि भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर कथित रूप से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसिस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने सीमा और नियंत्रण रेखा पर निवास करने वाली नागरिक आबादी पर भारतीय पक्ष द्वारा भारी मोर्टार और मशीनगन के इस्तेमाल को रेखांकित किया।"
आईएसपीआर ने कहा, "यूएनएमओजीआईपी से कहा गया है कि भारतीय संघर्ष विराम उल्लंघन की जांच के लिए वह अपने ओहदे का इस्तेमाल करे।"
आईएसपीआर ने कहा है कि सियालकोट के चपरार सेक्टर में गुरुवार को कम से कम तीन व्यक्ति मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए।
Latest World News