इस्लामाबाद: पाकिस्तान कथित भारतीय जासूस कुलभूषण जाधव को दूतावास से संपर्क करने की इजाजत नहीं देगा, जिसे विध्वंसक गतिविधियों में उसकी संलप्तिता के लिए गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान के गृह मंत्री निसार अली खान ने आज यहां संवाददाताओं को बताया, भारतीय जासूस कुलभूषण पाकिस्तान में विशेष उद्देश्य के साथ आया था। इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि उसे दूतावास से संपर्क करने की इजाजत नहीं दी जायेगी। जाधव को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने मार्च में बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया था और आरोप लगया था कि वह भारतीय नौसेना में कार्यरत अधिकारी है, जिसकी प्रतिनियुक्ति भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ में की गई है।
पाकिस्तान ने जाधव पर देश में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बनाने का आरोप लगाया है। भारत ने स्वीकार किया था कि जाधव ने नौसेना में काम किया है लेकिन इन आरोपों को नकार दिया था कि सरकार के साथ उसके कोई ताल्लुकात हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया था, उस व्यक्ति के भारतीय नौसेना से समय पूर्व सेवानिवृत्ति लेने के बाद से सरकार से उसका कोई संपर्क नहीं है। भारत ने जाधव को दूतावास से संपर्क करने की अनुमति देने की मांग की है।
Latest World News