1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: पुलिस ने नवाज शरीफ के खिलाफ शिकायत खारिज की

पाकिस्तान: पुलिस ने नवाज शरीफ के खिलाफ शिकायत खारिज की

पुलिस ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ दर्ज कराई गई एक शिकायत खारिज कर दी है, जिसमें प्रधानमंत्री पर लोगों को भड़काने और सेना के खिलाफ नफरत फैलाने का आरोप लगाया गया था।

Nawaz Sharif | PTI Photo- India TV Hindi
Nawaz Sharif | PTI Photo

इस्लामाबाद: पुलिस ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ दर्ज कराई गई एक शिकायत खारिज कर दी है, जिसमें प्रधानमंत्री पर लोगों को भड़काने और सेना के खिलाफ नफरत फैलाने का आरोप लगाया गया था। 

एक पाकिस्तानी वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अधिवक्ता इश्तियाक अहमद मिर्जा ने तीन मई को शरीफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में यह पाए जाने के बाद शिकायत खारिज कर दी गई कि इसमें दिए गए तथ्य गलत और फर्जी हैं। पुलिस ने इससे पहले शिकायतकर्ता 'आई. एम. पाकिस्तान' पार्टी के अध्यक्ष को यह कहते हुए संघीय जांच एजेंसी (FIA) के पास जाने को कहा था कि मामला साइबर अपराध से जुड़ा है। 

वेबसाइट के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने यह तर्क देते हुए FIA के पास जाने से मना कर दिया कि यह पुलिस से जुड़ा मामला है और पुलिस को ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की तो वह सेशन कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

Latest World News