इस्लामाबाद: भारत समेत दुनिया भर के दबाव के बाद पाकिस्तान ने जमात-उद-दावा की फंड लेजिंग पर रोक लगा दी है। हाफिज सईद का ये आतंकी संगठन पूरे पाकिस्तान में जेहाद के नाम पर जम्मू कश्मीर समेत पूरे भारत में आतंकी वारदातों को अंजाम देने के लिए पैसे जुटाता था लेकिन पाकिस्तान सरकार की कार्रवाई के बाद अब हाफिज़ सईद जेहाद के नाम पर चंदा नहीं ले पाएगा।
आतंकी हाफिज़ की फंडिंग पर 'फुल स्टॉप'
भारत के खिलाफ लगातार साजिश रचने वाला हाफिज़ सईद जेहाद के नाम पर पाकिस्तान में खुलेआम चंदा जमा करता था लेकिन जमात-उद-दावा की ये फंड रेजिंग अब गुजरे जमाने की बात हो जाएगी। पाकिस्तान सरकार ने 2008 के मुंबई हमले समेत हिंदुस्तान में दर्जनों आतंकी वारदातों को अंजाम देने वाले हाफिज़ सईद पर शिकंजा कस दिया है। हाफिज़ के आतंकी संगठनों को बैन करने को लेकर बढ़ते दबाव के बीच पाकिस्तान सरकार ने जमात-उद-दावा की फंडिंग पर रोक लगा दी है।
अब जेहाद के नाम पर चंदा नहीं जुटा पाएगा हाफिज़
पाकिस्तान सरकार ने चंदा जमा करने के जमात-उद-दावा के अभियान को गैरकानूनी और अवैध घोषित कर दिया है। नवाज सरकार ने अधिकारियों को चंदा जमा करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि पाकिस्तान ने हाफिज सईद के आतंकी संगठन के फाइनेन्सिंग पर पर इतनी बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान पुलिस से कहा गया है कि वो जमात-उद-दावा के मस्जिदों और अन्य जगहों पर चैरिटी के जरिये फंडिंग जुटाने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे।
मीडिया बैन के बाद अब JuD का फाइनेन्स बैन
पाक मीडिया के मुताबिक पुलिस को ये भी कहा गया है कि वो जमात-उद-दावा की फंडिंग को लेकर सारी जानकारी उपलब्ध कराए। पाक सरकार के आदेश का सबसे ज्यादा असर हाफिज सईद की चैरिटी विंग फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन पर होगा। यही फाउंडेशन पूरे पाकिस्तान में आतंकी वारदातों के लिए पैसे जुटाने के काम में लगा है। फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन को अमेरिका पहले ही काली सूची में डाल रखा है और अब पाकिस्तान सरकार के एक्शन के बाद हाफिज सईद की फंडिंग पर फुल स्टॉप लग गया है।
Latest World News