1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में ट्रेनों की टक्कर में छह की मौत, 150 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान में ट्रेनों की टक्कर में छह की मौत, 150 से ज्यादा घायल

कराची जाने वाली यात्री ट्रेन और एक मालगाड़ी की पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मुल्तान के निकट टक्कर हो जाने से आज कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी और 150 से ज्यादा घायल हो गये।

pak train- India TV Hindi
pak train

लाहौर: कराची जाने वाली यात्री ट्रेन और एक मालगाड़ी की पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मुल्तान के निकट टक्कर हो जाने से आज कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी और 150 से ज्यादा घायल हो गये। यह दुर्घटना शेर शाह इलाके में बुछ रेलवे स्टेशन के पास हुयी। एक पुलिस अधिकारी नादिर चट्ठा ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुयी, जब एक व्यक्ति कथित रूप से मालगाड़ी के नीचे कुचल गया और ट्रेन के चालक ने व्यक्ति का शव बाहर निकालने के लिए माल गाड़ी रोक दी। तभी उसी पटरी पर आ रही आवाम एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकरा गयी।

उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण आवाम एक्सप्रेस का इंजन और पावर वैन क्षतिग्रस्त हो गई और चार बोगियां पलट गयीं। जिओ न्यूज की खबर के अनुसार इस दुर्घटना में कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी और 150 से ज्यादा लोग घायल हो गये। घायलों में 10 की हालत गंभीर बतायी जा रही है। बचाव कर्मियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बोगियों में फंसे तीन लोगों को बचाया गया है। सूत्रों ने बताया कि ईद की छुट्टी के कारण शुरआत में बचाव कार्य में थोड़ी देरी हुयी। आसपास के क्षेत्र में अंधेरे के कारण भी राहत कार्य प्रभावित हुआ।

दुर्घटनाग्रस्त यात्री ट्रेन पेशावर से कराची जा रही थी। इसी बीच अधिकारियों ने मुल्तान के निश्तर मेडिकल अस्पताल और शाहबाज शरीफ अस्पताल में आपात स्थिति लागू कर दी है। रेलवे अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दिये हैं।

Latest World News