1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पठानकोट आतंकी हमला: जांच के लिए पाकिस्तानी JIT भारत रवाना

पठानकोट आतंकी हमला: जांच के लिए पाकिस्तानी JIT भारत रवाना

भारत में पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी जांचकर्ताओं का पांच सदस्यीय दल आज भारत रवाना हो गया।

pathankot airbase attack- India TV Hindi
pathankot airbase attack

लाहौर: भारत में पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी जांचकर्ताओं का पांच सदस्यीय दल आज भारत रवाना हो गया। हमलों के लिए पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। पंजाब आतंकवाद निरोधक विभाग के अतिरिक्त महानिरीक्षक मुहम्मद ताहिर राय के नेतृत्व में संयुक्त जांच दल (JIT) यहां अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से विशेष विमान से भारत रवाना हो गया।

लाहौर हवाईअड्डे पर आव्रजन अधिकारी तारिक ने कहा, पांच सदस्यीय पाकिस्तानी जांच दल आज सुबह करीब 11:45 बजे नयी दिल्ली रवाना हो गया।

संयुक्त जांच दल के अन्य सदस्यों में आईबी के उप महानिरीक्षक लाहौर, मुहम्मद अजीम अरशद, सैन्य खुफिया विभाग के लेफ्टिनेंट कर्नल इरफान मिर्जा, ISI के लेफ्टिनेंट कर्नल तनवीर अहमद और पंजाब पुलिस के अधिकारी शाहिद तनवीर शामिल हैं।

भारत ने 2 जनवरी को पंजाब के पठानकोट में वायु सेना के स्टेशन पर हुए आतंकी हमले के लिए जैश के आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया था। हमले के बाद आतंकियों के साथ चली मुठभेड़ में सात भारतीय सुरक्षाकर्मियों की जान चली गयी।

भारत की पाकिस्तानी जांच दल को पठानकोट हमले के सभी गवाहों से रूबरू कराने की योजना है लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड या बीएसएफ के जवानों से उसका सामना कराने की कोई योजना नहीं है।

नई दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने कल कहा था कि भारत वहां जांच के लिए अपने जांच दल को भी उस देश में भेजने पर जोर देगा। सूत्रों ने बताया कि पाक दल को पठानकोट के वायु सेना स्टेशन के हर इलाके में नहीं ले जाया जाएगा और केवल सीमित जगहों तक ले जाया जाएगा जहां जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों से सुरक्षा बलों की 80 घंटे तक मुठभेड़ चली थी।

Latest World News