इस्लामाबाद: पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन (PIA) के एक विमान के चालक दल के सदस्य गुरुवार को लंदन से इस्लामाबाद वापस लौट आए। इस विमान में तलाशी के दौरान हेरोइन पाई गई थी। यह चालक दल हीथ्रो हवाईअड्डे से वापस आया। इस एयरपोर्ट पर ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा इनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए थे।
इस्लामाबाद से उड़ान भरकर हीथ्रो एयरपोर्ट पहुंचने पर सोमवार को विमान की तलाशी ली गई थी और चालक दल के सदस्यों से पूछताछ की गई थी। पाकिस्तान के एक अंग्रेजी अखबार के अनुसार इस मुद्दे पर जांच शुरू कर दी गई है। ब्रिटिश अधिकारियों ने बुधवार को पुष्टि की थी कि सीमा बल के अधिकारियों ने PIA के विमान में 'कुछ मात्रा में हेरोइन' को पाया था।
PIA निचले स्तर की सेवा और सुरक्षा मानकों और सदस्यों के गैर पेशेवर व्यवहार के कारण सवालों के घेरे में है। PIA के इस चालक दल के सदस्यों को संदिग्ध सामान की तस्करी और धनशोधन मामले में लिप्त होने के आरोप में पद से हटा दिया गया है।
Latest World News