1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: ड्यूटी के दौरान ही सो गया पायलट, एयरलाइन्स ने नौकरी से निकाला

पाकिस्तान: ड्यूटी के दौरान ही सो गया पायलट, एयरलाइन्स ने नौकरी से निकाला

पाकिस्तान इंटरनेशल एयरलाइन्स (PIA) ने एक सीनियर पायलट को सेवामुक्त कर दिया है। पायलट इस्लामाबाद-लंदन की उड़ान के दौरान कथित तौर पर ढाई घंटे के लिए सो गया था।

सांकेतिक तस्वीर।- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान इंटरनेशल एयरलाइन्स (PIA) ने एक सीनियर पायलट को सेवामुक्त कर दिया है। पायलट इस्लामाबाद-लंदन की उड़ान के दौरान कथित तौर पर ढाई घंटे के लिए सो गया था। एक पाकिस्तानी अखबार के मुताबिक, घटना 26 अप्रैल की है, जब अमीर अख्तर हाशमी विमान के उड़ान भरते ही विमान की जिम्मेदारी एक प्रशिक्षु पायलट को सौंपकर यात्री कक्ष में जाकर सो गए।

अखबार के मुताबिक, इस प्रकार हाशमी ने विमान में सवार 305 यात्रियों की जिंदगियां खतरे में डाल दी थी। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान एयरलाइन्स पायलट्स एसोसिएशन (PALPA) के पूर्व अध्यक्ष हाशमी के खिलाफ कार्रवाई करने से PIA पहले बच रहा था, लेकिन बाद में ऊपर से दबाव आने के बाद उसे ऐसा करना पड़ा। PIA के प्रवक्ता दनयाल गिलानी ने अखबार को बताया कि हाशमी जांच के चलते ड्यूटी पर नहीं हैं। संगठन ने इस मामले में और अधिक जानकारी देने से इंकार कर दिया।

26 अप्रैल को हाशमी पर फर्स्ट ऑफिसर अली हसन यजदानी के साथ लंदन जाने वाली उड़ान संख्या पीके-758 के संचालन का जिम्मा था। एक अन्य फर्स्ट ऑफिसर मोहम्मद असद अली भी कॉकपिट में था, जिसकी उस समय ट्रेनिंग चल रही थी। हाशमी को पायलटों को ट्रेन करने के लिए हर महीने एक लाख रुपये से भी ज्यादा मिलते थे और उसे उड़ान के दौरान अली को प्रशिक्षित करना था। लेकिन हाशमी अपनी जिम्मेदारी निभाने के स्थान पर सोने चले गए।

Latest World News