सिंगापुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर के एक्सपो सेंटर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुस्तानी लोग जहां भी जाते है वहां अपने आचरण से मिठास भर देते है। विदेशों में बसे भारतीयों ने भारत की शान बढ़ाई है। पूरी दुनिया भारत की तरफ विश्वास के भाव से देख रही है।
पीएम मोदी ने कहा, ‘18 महीने में देश से किया वादा निभाया। भारत आंख से आंख मिलाकर बात करता है।’ सिंगापुर के एक्सपो सेंटर में 15 हजार भारतीय मौजूद थे। मोदी के संबोधन से पहले यहा रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इससे पहले पीएम मोदी ने सिंगापुर में इंडियन नेशनल आर्मी मोमोरियल गए थे जहां उन्होंने आजाद हिंद फौज के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
पीएम मोदी ने सिंगापुर में अपने समकक्ष ली सीन लूंग और राष्ट्रपति टोनी तान केंग याम से आज मुलाकात की तथा भारत और सिंगापुर ने रणनीतिक भागीदारी पर संयुक्त घोषणापत्र सहित 10 द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए जिनमें रक्षा, साइबर सुरक्षा और नागरिक उड्डयन जैसे क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए करार शामिल हैं।
सिंगापुर की दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन मोदी ने सिंगापुर के राष्ट्रपति से मुलाकात की। इससे पहले उनका आज सुबह भव्य स्वागत किया गया। बाद में उन्होंने सिंगापुर में अपने समकक्ष के साथ आधिकारिक बातचीत की।
Latest World News