सिंगापुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण पूर्व एशिया की चार दिवसीय यात्रा के हिस्से के रूप में सोमवार को मलेशिया से सिंगापुर पहुंचे। चांगी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया।
सिंगापुर पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सबसे पहले होटल सांगरीला में एक 37वें सिंगापुर लेक्चर में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए सिंगापुर को आर्थिक शक्ति का केंद्र बताया और कहा कि इस क्षेत्र में कई अनसुलझे विवाद हैं जिनका समाधान निकालना जरूरी है।
दोनों देशों के बीच रक्षा, शहरी प्रबंधन समेत कई बड़े समझौते होने की उम्मीद है। पीएम मोदी कल भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।
मंत्रोच्चार के साथ स्कूली बच्चे करेंगे मोदी का स्वागत
मलेशिया की तरह सिंगापुर में भी मोदी का बिजी शेड्यूल है। पीएम मोदी का स्वागत मंत्रों के साथ होने वाला है। सिंगापुर के स्कूली बच्चे उनका स्वागत करने वाले हैं। इन बच्चों में से क्यूबा की फ्लेविया भी है जिसने गायत्री मंत्र से लेकर शांति पाठ तक कई मंत्र याद किए हैं। फ्लेविया जब मंत्र पढ़ती है तो कानों पवित्रता की मिठास खुलती है।
इससे पहले सोमवार को मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाक से मुलाकात की और द्विपक्षीय मुद्दों पर बात की। मुलाकात के बाद दोनों देशों का साझा बयान जारी किया गया।
मोदी और रजाक ने कुआलालंपुर के ब्रिक्सफील्ड इलाके में हिंदू और बौद्ध मंदिरों के रास्ते में बनने वाले एक तोरण द्वार का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। ब्रिक्सफील्ड को कुआलालंपुर का लघु भारत कहा जाता है। मोदी ने बाद में मलेशिया के उद्योग जगत की हस्तियों से मुलाकात की।
बता दे कि मोदी शनिवार को मलेशिया पहुंचे थे। यहां उन्होंने 13वें आसियान सम्मेलन और 10वें पूर्व एशिया सम्मेलन में शिरकत की। उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे और चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग से अलग से भी मुलाकात की।
Latest World News