1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: कंदील बलोच के फरार भाई को इंटरपोल की मदद से किया गया गिरफ्तार

पाकिस्तान: कंदील बलोच के फरार भाई को इंटरपोल की मदद से किया गया गिरफ्तार

पाकिस्तान की पूर्व सोशल मीडिया सेलिब्रिटी कंदील बलोच का फरार भाई इंटरपोल की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है।

Qandeel Baloch- India TV Hindi
पाकिस्तान: कंदील बलोच के फरार भाई को इंटरपोल की मदद से किया गया गिरफ्तार

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की पूर्व सोशल मीडिया सेलिब्रिटी कंदील बलोच का फरार भाई इंटरपोल की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति पर कंदील की हत्या का भी आरोप है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने डॉन न्यूज को बताया कि शनिवार को गिरफ्तार किए जाने के बाद मोहम्मद आरिफ को मुल्तान में मुजफ्फराबाद पुलिस स्टेशन के सुपुर्द कर दिया गया है। आरिफ को बलोच की हत्या के आरोप में फरार घोषित कर दिया गया था। 

2016 में हुई थी कंदील की हत्या
बलोच की 15 जुलाई 2016 को गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के अगले दिन, बलोच के एक अन्य भाई मोहम्मद वसीम ने पुलिस के सामने कबूल कर लिया था कि उसने बलोच की हत्या की है क्योंकि सोशल मीडिया पर उसने आपत्तिजनक वीडियो और बयानों से 'बलोच' परिवार का नाम बदनाम कर दिया था। उसने यह भी कहा था कि सोशल मीडिया मॉडल होने के कारण उसकी बहन का चरित्र खराब था और उसे उसकी हत्या का कोई दुख नहीं है। 

‘कंदील की हत्या के लिए भाई ने कहा था’
वसीम ने यह भी कबूल किया कि उस समय सऊदी अरब में रह रहे उसके भाई मोहम्मद आरिफ ने उसे कंदील की हत्या करने के लिए कहा था। कंदील की हत्या करने के लिए कहने की वजह पूछे जाने पर वसीम ने बताया कि उसके भाई को कंदील के व्यवहार के कारण शर्म महसूस होती थी। आरिफ ने वसीम को हत्या के सऊदी अरब जाने के लिए कहा था। ट्रायल कोर्ट ने 27 सितंबर को वसीम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई, जबकि तीसरे भाई असलम शाहीन समेत 5 अन्य आरोपियों को रिहा कर दिया। हत्या का मामला कंदील के परिजनों ने दर्ज कराया था। (IANS)

Latest World News