मॉस्को: पृथ्वी के उत्तरी भाग में स्थित ध्रुवीय क्षेत्र आर्कटिक के ट्रॉनोय द्वीप पर रूसी वैज्ञानिकों को ध्रुवीय भालुओं ने कई दिनों तक बंधक बनाए रखा। इन वैज्ञानिकों ने भालूओं के डर से खुद को एक झोपड़े में बंद करके रखा था। इन भालुओं ने वैज्ञानिकों के एक कुत्ते को भी खा लिया था।
खबरों के मुताबिक, 5 वैज्ञानिक ट्रॉयनॉय आइलैंड पर स्थित वेदर स्टेशन में काम कर रहे थे, तभी 10 भालुओं ने उनके कार्यस्थल को घेर लिया। इन भालुओं ने वैज्ञानिकों को दो सप्ताह तक बंधक बनाए रखा। वैज्ञानिकों की किस्मत अच्छी थी कि वहां से गुजर रहे एक जहाज ने इनकी खबर ली और जानवरों को दूर रखने में मदद करने के लिए तेज प्रकाश वाले उपकरण और कुत्तों को स्टेशन की ओर भिजवाया।
स्टेशन के चीफ वादिम प्लोतनिकोव ने बताया कि एक मादा भालू तो अपने बच्चे के साथ स्टेशन की खिड़की के नीचे रातें गुजारती थीं। उन्होंने बताया, 'ऐसी हालत में बाहर जाना खतरे से खाली नहीं था क्योंकि हमारे पास प्रकाश की भी कोई खास व्यवस्था नहीं थी, जिससे कि वे डर जाएं। मैंने उन्हें ट्रैक्टर की सहायता से दूर हटाया और टूटी हूई खिड़की को ठीक किया।' वैज्ञानिकों के इस ग्रुप में दो शादीशुदा जोड़े भी हैं।
रूसी प्राकृतिक संसाधन मंत्री सर्गेई दोंसकी ने अधिकारियों को स्टेशन के कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने और साथ ही जानवरों की रक्षा के लिए भी आवश्यक उपायों करने का आदेश दिया है।
Latest World News